Tuesday, 07 July 2026

नीमकाथाना में 34 करोड़ की लागत से बने 100 बेड के राजकीय मातृ एवं शिशु अस्पताल का सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रेम सिंह और विधायक सुरेश मोदी ने किया लोकार्पण


नीमकाथाना में 34 करोड़ की लागत से बने 100 बेड के राजकीय मातृ एवं शिशु अस्पताल का सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रेम सिंह और विधायक सुरेश मोदी ने किया लोकार्पण

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

नीमकाथाना। नीमकाथाना में सोमवार को 100 बेड के अत्याधुनिक राजकीय मातृ एवं शिशु अस्पताल का लोकार्पण किया गया। करीब 34 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित इस अस्पताल का उद्घाटन राजस्थान सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजोर के मुख्य आतिथ्य में हुआ। कार्यक्रम में नीमकाथाना विधायक सुरेश मोदी, चिकित्सा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि अस्पताल शुरू होने से नीमकाथाना सहित आसपास के कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर बेहतर तरीके से मिल सकेंगी। अस्पताल में 100 बेड, पूर्ण वातानुकूलित भवन, आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, नवजात शिशुओं के उपचार के लिए अत्याधुनिक मशीनें और अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

अस्पताल के शुरू होने से गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं और बच्चों को बेहतर उपचार मिल सकेगा। साथ ही गंभीर मरीजों को उपचार के लिए बड़े शहरों में रेफर करने की आवश्यकता भी कम होगी। लोकार्पण के बाद अतिथियों ने अस्पताल का निरीक्षण किया और विभिन्न चिकित्सा सुविधाओं का अवलोकन किया।

राजस्थान सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजोर ने कहा कि अस्पताल शुरू होने से नीमकाथाना और आसपास की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार विकास कार्य कर रही है और इस अस्पताल के निर्माण में पूरा वित्तीय सहयोग केंद्र सरकार की ओर से दिया गया है।

विधायक सुरेश मोदी ने इसे नीमकाथाना के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु अस्पताल उनके कार्यकाल में स्वीकृत हुआ था। अस्पताल शुरू होने में देरी जरूर हुई, लेकिन अब इसे जनता को समर्पित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल के शुरू होने से जच्चा-बच्चा को इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

विधायक मोदी ने कहा कि क्षेत्र में इस अस्पताल की लंबे समय से आवश्यकता थी, जो अब पूरी हुई है। हालांकि अस्पताल शुरू होने में देरी को लेकर उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना भी साधा और कहा कि सरकार शेखावाटी क्षेत्र के साथ उचित व्यवहार नहीं कर रही है।

लोकार्पण समारोह के दौरान राजनीतिक माहौल भी गर्माता नजर आया। विधायक और पूर्व चेयरमैन को कार्यक्रम में उचित रूप से आमंत्रित नहीं किए जाने को लेकर समर्थकों ने नाराजगी जताई। जैसे ही प्रेम सिंह बाजोर और विधायक सुरेश मोदी अस्पताल परिसर पहुंचे, दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने नेताओं के समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी।

मंच पर भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताई। इसके बाद दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और तू-तू, मैं-मैं की स्थिति बन गई। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। इसके बाद लोकार्पण कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।

    Previous
    Next

    Related Posts