



कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 8 जुलाई बुधवार को कोटा प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान तीनों वरिष्ठ नेता दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेसवे परियोजना के निर्माण और प्रगति कार्यों का स्थल निरीक्षण करेंगे। साथ ही परियोजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा भी की जाएगी।
लाडपुरा विधायक कल्पना देवी ने जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार शाम 5 बजे बालापुरा स्थित 8 लेन टोल नाके पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों द्वारा तीनों अतिथियों का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे दिल्ली-मुंबई 8 लेन सड़क परियोजना के निर्माण कार्य, गुणवत्ता और प्रगति का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों से परियोजना की वर्तमान स्थिति और लंबित कार्यों की जानकारी ली जाएगी।
निरीक्षण के बाद जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और क्षेत्र के प्रबुद्धजनों की उपस्थिति में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में सड़क परियोजना की वर्तमान स्थिति, शेष कार्यों, क्षेत्रीय विकास, यातायात सुविधाओं और आमजन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है। परियोजना को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने और विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा सकते हैं।
इस दौरे को कोटा और हाड़ौती क्षेत्र के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
21.7 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क परियोजना की भी होगी समीक्षा
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर निर्माण कार्य की प्रगति, सड़क सुरक्षा और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी सड़क मार्ग से दिल्ली से कोटा तक यात्रा करेंगे। इस दौरान वे एक्सप्रेसवे के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर निर्माण गुणवत्ता, सुरक्षा इंतजामों और लंबित कार्यों की समीक्षा करेंगे।
कोटा पहुंचने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी उनके साथ रहेंगे। दोनों नेता दरा टनल सहित परियोजना के महत्वपूर्ण हिस्सों का जायजा लेंगे। अधिकारियों से कार्य की प्रगति और निर्धारित समय सीमा में निर्माण पूरा करने को लेकर विस्तृत जानकारी ली जाएगी।
इसके अलावा बालापुरा इंटरचेंज से कोटा शहर को जोड़ने वाली प्रस्तावित 21.7 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क परियोजना की भी समीक्षा होगी। करीब 1,220 करोड़ रुपये की इस परियोजना के माध्यम से एक्सप्रेसवे और कोटा शहर के बीच बेहतर एवं सुगम संपर्क स्थापित करने की योजना है। इस परियोजना से कोटा शहर को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से सीधा और मजबूत कनेक्टिविटी लाभ मिलने की उम्मीद है।