



सीकर में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस के बीच शुक्रवार रात हुई तेज बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी। करीब डेढ़ घंटे तक लगातार हुई बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलीं, जिससे मौसम सुहावना हो गया। हालांकि भारी बारिश के चलते शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश के कारण सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में राधाकिशनपुरा रेलवे अंडरपास रहा, जहां करीब 8 फीट तक पानी भर गया। जलभराव के चलते राधाकिशनपुरा क्षेत्र का शहर से सीधा संपर्क अस्थायी रूप से बाधित हो गया। वहीं सीकर रोडवेज बस डिपो परिसर में भी लगभग 3 फीट तक पानी जमा हो गया, जिससे यात्रियों और कर्मचारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके अलावा शहर के प्रमुख व्यावसायिक और यातायात क्षेत्रों बजाज रोड तथा लोहारू बस स्टैंड पर भी दो से तीन फीट तक पानी भर गया। अचानक हुए जलभराव के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को काफी परेशानी हुई। कई स्थानों पर यातायात की रफ्तार भी प्रभावित रही।
बारिश से पहले शुक्रवार को सीकर में भीषण गर्मी का असर देखने को मिला था। जिले का अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम करीब साढ़े पांच बजे के बाद आसमान में बादल छाने शुरू हुए और रात करीब 8:45 बजे बारिश का दौर शुरू हुआ, जो लगभग 10:15 बजे तक जारी रहा। तेज हवाओं और बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी जिले में मौसम सक्रिय रहने की संभावना जताई है। शनिवार के लिए 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 14 जून से 16 जून तक जिले में आंधी और बारिश को लेकर येलो अलर्ट घोषित किया गया है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।