Tuesday, 02 June 2026

अलवर आर्मी कैंट में जवान ने लगाई फांसी, महाराष्ट्र से पहुंचे परिजनों को सौंपा शव


अलवर आर्मी कैंट में जवान ने लगाई फांसी, महाराष्ट्र से पहुंचे परिजनों को सौंपा शव

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

अलवर जिले के इटाराणा आर्मी कैंट से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां कैंट परिसर में तैनात एक जवान ने बैरक के भीतर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद सेना और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है और पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की गहन जांच कर रही है।

उद्योग नगर थाना पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सोनोवाने किशोर महादेव (42) के रूप में हुई है, जो महाराष्ट्र के सिद्धार्थ नगर क्षेत्र स्थित समन गांव का निवासी था। वह इटाराणा आर्मी कैंट में हाउस कीपिंग ड्यूटी पर तैनात था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 30 मई को उसने बैरक के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही सेना अधिकारियों ने तत्काल उद्योग नगर थाना पुलिस को सूचित किया।

सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मौके से उपलब्ध तथ्यों को संकलित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। उद्योग नगर थाना के एएसआई महावीर सिंह ने बताया कि सेना की ओर से दी गई प्रारंभिक जानकारी में जवान के सामने किसी विशेष परेशानी या तनाव की बात सामने नहीं आई है। इसके बावजूद उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।

पुलिस मृतक के व्यक्तिगत जीवन, पारिवारिक परिस्थितियों और सेवा संबंधी पहलुओं की भी जांच कर रही है। घटना के बाद शव को सुरक्षित रखवाया गया था। चूंकि मृतक के परिजन महाराष्ट्र में रहते हैं, इसलिए उनके अलवर पहुंचने में कुछ समय लगा।

मंगलवार को परिजनों के अलवर पहुंचने के बाद मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के सामने आने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी अलवर जिले में एक अन्य दुखद घटना सामने आई थी। अलवर-राजगढ़ रेल मार्ग पर ढिगावड़ा और पूनखर के बीच रेलवे फाटक के पास एक व्यक्ति के ट्रेन से कटने की सूचना पुलिस को मिली थी। जांच के दौरान मिले दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान अलवर शहर के काली मोरी (मोती नगर) निवासी गगन कुमार अग्रवाल (44) पुत्र जवाहर लाल अग्रवाल के रूप में की गई थी। उस मामले की जांच भी पुलिस द्वारा की जा रही है।

Previous
Next

Related Posts