Saturday, 30 May 2026

नागौर रिंग रोड पर भीषण सड़क हादसा, दो महिलाओं और एक बच्चे समेत चार की मौत


नागौर रिंग रोड पर भीषण सड़क हादसा, दो महिलाओं और एक बच्चे समेत चार की मौत

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

नागौर जिले में शनिवार दोपहर जोधपुर-बीकानेर बायपास स्थित रिंग रोड पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। सदर थाना क्षेत्र में बासनी पुलिया के पास तेज रफ्तार कार और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद ट्रक के टायरों में आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब 3:40 बजे हुए इस हादसे की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। दुर्घटना के बाद कार में सवार लोग बुरी तरह फंस गए। स्थानीय लोगों और राहत दल ने घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में जान गंवा दी। मृतकों में दो महिलाएं, एक बच्चा और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं।

घटना की सूचना मिलते ही जिला कलक्टर देवेन्द्र कुमार, एसडीएम गोविन्दसिंह भींचर तथा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। दमकलकर्मियों की सहायता से कार में फंसे शवों को बाहर निकाला गया। वाहन इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था कि शवों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

सदर थाना प्रभारी सुरेश कंस्वा ने बताया कि मृतकों की पहचान के प्रयास जारी हैं। प्रारंभिक जांच में सभी मृतकों के जोधपुर क्षेत्र के निवासी होने की संभावना जताई जा रही है। शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है और वाहन के पंजीकरण नंबर व अन्य दस्तावेजों के आधार पर पहचान की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

    Previous
    Next

    Related Posts