



नागौर और जोधपुर जिले की सड़कों पर सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब अवैध बजरी से भरे एक डंपर चालक ने करीब दो घंटे तक हाई-वोल्टेज ड्रामा करते हुए पुलिस और ग्रामीणों को चुनौती दी। खतरनाक तरीके से डंपर चलाते हुए चालक ने राहगीरों को कुचलने का प्रयास किया और कई स्थानों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आखिरकार नागौर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जोधपुर जिले की धनारी सरहद में डंपर को घेरकर चालक को गिरफ्तार कर लिया।
घटना की शुरुआत नागौर के डीडवाना बाइपास से हुई, जहां अवैध बजरी से ओवरलोड डंपर ने दो वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने चालक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने केबिन अंदर से लॉक कर डंपर को तेज रफ्तार में भगा दिया। इस दौरान एक युवक डंपर के खलासी साइड गेट पर लटक गया, लेकिन चालक ने उसकी जान की परवाह किए बिना वाहन को रॉन्ग साइड में दौड़ाना जारी रखा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक करीब 120 किलोमीटर तक नागौर और जोधपुर जिले के करीब 14 गांवों की सड़कों और संकरी गलियों से डंपर भगाता रहा। रास्ते में ग्रामीणों ने जब उसे रोकने की कोशिश की तो चालक ने उन पर भी डंपर चढ़ाने का प्रयास किया। चार थानों की पुलिस लगातार सायरन बजाते हुए डंपर का पीछा करती रही।
बताया जा रहा है कि पीछा रोकने के लिए बजरी माफिया से जुड़ी एक कैंपर गाड़ी भी बीच रास्ते में पुलिस के सामने आ गई और डंपर को भगाने की कोशिश की गई। हालांकि पुलिस ने पीछा जारी रखा और जोधपुर जिले की धनारी सरहद में भारी अवरोधक लगाकर डंपर को रोक लिया।
पुलिस ने केबिन का शीशा तोड़कर भोपालगढ़ निवासी चालक रामगोपाल जाट को गिरफ्तार कर लिया तथा अवैध बजरी से भरे डंपर को जब्त कर लिया। राहत की बात यह रही कि गेट पर लटका युवक सुरक्षित बच गया।
नागौर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ अवैध खनन, खतरनाक ड्राइविंग, राहगीरों की जान जोखिम में डालने, पुलिस कार्रवाई में बाधा पहुंचाने और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस अब इस पूरे मामले में बजरी माफिया के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।