



भाजपा के हरियाणा प्रभारी सतीश पूनिया ने हरियाणा नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत को विकास, जनविश्वास और “नॉन-स्टॉप हरियाणा” के संकल्प की विजय बताया है। उन्होंने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री मोदी नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व, जनकल्याणकारी नीतियों और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के विकासोन्मुखी दृष्टिकोण पर जनता के अटूट विश्वास का परिणाम है।
सतीश पूनिया ने सभी मतदाताओं, पार्टी कार्यकर्ताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा की यह ऐतिहासिक सफलता कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन से संभव हो पाई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता ने विकास, सुशासन और निरंतर प्रगति की राजनीति पर भरोसा जताया है।
उन्होंने बताया कि इस ऐतिहासिक जीत के उपलक्ष्य में पंचकूला स्थित पंचकमल में आयोजित “विजय एवं धन्यवाद कार्यक्रम” में शामिल होकर नव-निर्वाचित महापौरों, चेयरमैनों और पार्षदों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जीत का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
सतीश पूनिया ने कहा कि भाजपा सरकार और संगठन जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध हैं तथा विकास कार्यों को और गति दी जाएगी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से जनता के बीच सक्रिय रहकर पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि निकाय चुनावों में भाजपा की जीत को आगामी राजनीतिक रणनीति और संगठनात्मक मजबूती के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।