


हनुमानगढ़। जिले के भादरा क्षेत्र स्थित मलसीसर गांव में बस में एक रुपया कम किराया देने को लेकर नाबालिग के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना 8 मई की बताई जा रही है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घायल नाबालिग का अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार नाबालिग भादरा से मलसीसर जा रहा था। इसी दौरान बस में किराए को लेकर उसका कंडक्टर से विवाद हो गया। बताया गया कि नाबालिग ने 10 रुपए किराए के रूप में दिए थे, जबकि कंडक्टर ने उससे एक रुपया और मांगा। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
घटना के दौरान बस में गांव मलसीसर निवासी भगवानाराम भी मौजूद था। पुलिस के मुताबिक भगवानाराम के पिता पहले उसी बस में चालक रह चुके थे, जिसके कारण वह कंडक्टर को जानता था। उसने कंडक्टर का पक्ष लिया और विवाद बढ़ गया।
जब बस मलसीसर बस स्टैंड पहुंची तो आरोप है कि भगवानाराम ने गांव के अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद नाबालिग को जबरन बस से नीचे उतारकर उसके साथ मारपीट की गई। आरोपियों ने लोहे की रॉड और लाठियों से हमला किया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर नाबालिग को बचाया।
हमले में नाबालिग के चेहरे, आंख, हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों के अनुसार उसके चेहरे की हड्डी में फ्रैक्चर भी हुआ है। घटना के बाद घायल को भादरा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पीड़ित के पिता की शिकायत पर भादरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। गीता चौधरी ने बताया कि पुलिस ने भगवानाराम, चुन्नीराम, मानसिंह और प्रदीप उर्फ धोलू को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में परिवारों के बीच किसी पुरानी रंजिश से इनकार किया है। हालांकि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच की जिम्मेदारी महेंद्र कुमार को सौंपी गई है।