Wednesday, 08 April 2026

‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम में दिखी मिसाल: मंच पर सिर्फ महिलाएं, पूर्व मुख्यमंत्री राजे ने पुरुषों का जताया आभार


‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम में दिखी मिसाल: मंच पर सिर्फ महिलाएं, पूर्व मुख्यमंत्री राजे ने पुरुषों का जताया आभार

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

बांसवाड़ा। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम में एक अनोखी पहल करते हुए मंच को पूरी तरह महिलाओं के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान सभी पुरुष नेताओं से मंच छोड़कर सामने बैठने का आग्रह किया, जिसे स्वीकार करते हुए पुरुष नेता नीचे बैठ गए और महिलाओं को मंच पर स्थान दिया गया। इस पहल को नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रतीकात्मक लेकिन महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री  वसुंधरा राजे ने कहा कि यह आयोजन पूरी तरह नारी शक्ति को समर्पित है, इसलिए पुरुषों का सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने मंच पर जगह छोड़ने के लिए पुरुष नेताओं का आभार व्यक्त किया। भाजपा कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने बताया कि यह पहल पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर की गई है और इसे देवी माँ त्रिपुरा सुंदरी की पवित्र भूमि से शुरू किया है।

पूर्व मुख्यमंत्री राजे ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को महिलाओं के सम्मान और स्वाभिमान से जोड़ते हुए कहा कि यह महिलाओं के माथे पर चंदन के समान है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में 2023 में इस अधिनियम को संसद से मंजूरी मिली, जिसके तहत लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। इससे महिलाओं की भागीदारी राजनीति में और अधिक मजबूत होगी।

उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे राजनीति को पार्ट टाइम कार्य न समझें, बल्कि इसे पूर्णकालिक सेवा के रूप में लें। अपने संबोधन में उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि अब 33 प्रतिशत महिलाएं देश संभालेंगी और पुरुष घर की जिम्मेदारी निभाएंगे। उनका यह बयान कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।

Previous
Next

Related Posts