Monday, 30 March 2026

चाकू मारकर रिटायर्ड फौजी की हत्या, ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर जताया विरोध,आरोपी के अवैध निर्माण को किया ध्वस्त


चाकू मारकर रिटायर्ड फौजी की हत्या, ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर जताया विरोध,आरोपी के अवैध निर्माण को किया ध्वस्त

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

झुंझुनूं जिले के चिड़ावा थाना क्षेत्र के बामनवास गांव में मामूली कहासुनी के बाद रिटायर्ड फौजी उदयवीर चाहर (50) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी की गिरफ्तारी और उसका अवैध मकान हटाने की मांग को लेकर दिल्ली-बीकानेर नेशनल हाईवे जाम कर दिया। करीब पौने पांच घंटे तक चले जाम के बाद प्रशासन के आश्वासन और बुलडोजर कार्रवाई के बाद स्थिति सामान्य हुई। देर शाम पुलिस ने आरोपी अकरम को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 8:30 बजे उदयवीर चाहर गांव की एक दुकान पर पहुंचे थे। इसी दौरान गांव का ही अकरम बाइक पर वहां आया और दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। कुछ देर बाद अकरम वहां से चला गया, लेकिन थोड़ी देर बाद वापस लौटकर उसने गुस्से में उदयवीर के पेट में चाकू घोंप दिया और मौके से फरार हो गया।

घायल उदयवीर को ग्रामीणों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सोमवार सुबह ग्रामीणों ने पहले गांव में धरना दिया और फिर लाखू के पास दिल्ली-बीकानेर नेशनल हाईवे को जाम कर दिया।

ग्रामीणों ने आरोपी की गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और गोचर भूमि पर बने आरोपी के अवैध मकान को ध्वस्त करने की मांग रखी।

एडीएम अजय कुमार आर्य सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाइश की। इसके बाद जेसीबी मशीन से आरोपी के जोहड़ में बने अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई शुरू होने के बाद ग्रामीणों ने जाम हटा दिया।


Previous
Next

Related Posts