


झुंझुनूं जिले में ऑनर किलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां प्रेम विवाह की इच्छा जताने पर एक पिता ने अपनी ही बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना पिलानी थाना क्षेत्र के गांव घूमनसर कलां की है, जहां आरोपी पिता सुरेन्द्र कुमार नेहरा ने अपनी बेटी प्रियंका की हथौड़े से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार प्रियंका अपनी सहेली के भाई से प्रेम विवाह करना चाहती थी, जिससे पिता नाराज था। इसी बात को लेकर पिछले कई दिनों से परिवार में तनाव बना हुआ था। शुक्रवार रात को भी इस मुद्दे पर विवाद हुआ, जिसके बाद प्रियंका ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। देर रात करीब एक बजे जैसे ही उसने कमरे का दरवाजा खोला, पहले से घात लगाए बैठे पिता ने उसकी कनपटी पर हथौड़े से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी और परिवार के अन्य सदस्यों ने मामले को छिपाने की कोशिश की और प्रियंका की मौत को सीढ़ियों से गिरने का हादसा बताया। शनिवार सुबह परिवार अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटा था, लेकिन पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर अंतिम संस्कार रुकवा दिया गया और जांच शुरू की गई।
थानाधिकारी चन्द्रभान के अनुसार प्रारंभिक जांच में हत्या की पुष्टि हुई है और आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह घटना एक बार फिर समाज में ऑनर किलिंग जैसी कुप्रथा पर गंभीर सवाल खड़े करती है।