Sunday, 22 March 2026

झाड़ियों में छुपी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़, 50 लाख के केमिकल और उपकरण जब्त


झाड़ियों में छुपी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़, 50 लाख के केमिकल और उपकरण जब्त

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत अरनोद थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झाड़ियों में छुपाकर रखी गई अवैध ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान पुलिस ने एमडी (मेथामफेटामाइन) बनाने में प्रयुक्त भारी मात्रा में केमिकल और उपकरण जब्त किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है।

जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में चल रही इस कार्रवाई को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्रसिंह जौधा एवं पुलिस उप अधीक्षक चन्द्रशेखर पालीवाल के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। थाना प्रभारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए देवल्दी से पडुनी जाने वाले मार्ग पर कब्रिस्तान के पास नाले में झाड़ियों के बीच छुपाए गए केमिकल बरामद किए।

तलाशी के दौरान पुलिस को 6 जरीकेन मिले, जिनमें कुल 46 किलो 62 ग्राम एमडीसी, हाइड्रोक्लोरिक एसिड, अमोनिया, ब्रोमो, एसीटोन और एमएमए जैसे खतरनाक केमिकल पाए गए। इसके अलावा मौके से एमडी बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले उपकरण जैसे प्लास्टिक की बाल्टी, कांच का जार, इलेक्ट्रिक हीटर, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, हेलोजन लाइट और मैग्नेटिक स्टिरर भी बरामद किए गए।

पुलिस ने सभी केमिकल और उपकरण जब्त कर थाना अरनोद में मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में देवल्दी निवासी आरोपी अरबाज पुत्र कय्यूम खान को नामजद किया गया है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय ड्रग्स नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और आगे भी इस अभियान के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।

    Previous
    Next

    Related Posts