Saturday, 21 March 2026

भीलवाड़ा में कॉन्स्टेबल की साइलेंट हार्ट अटैक से मौत, क्वार्टर में मिले अचेत अवस्था में


भीलवाड़ा में कॉन्स्टेबल की साइलेंट हार्ट अटैक से मौत, क्वार्टर में मिले अचेत अवस्था में

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

भीलवाड़ा। जिले के करेड़ा थाना परिसर में एक दुखद घटना सामने आई, जहां तैनात कॉन्स्टेबल कैलाश की हार्ट अटैक से मौत हो गई। सुबह ड्यूटी पर नहीं पहुंचने पर थानाधिकारी उन्हें बुलाने के लिए क्वार्टर पहुंचे, जहां वे जमीन पर अचेत अवस्था में पड़े मिले। इसके बाद साथी पुलिसकर्मियों की मदद से उन्हें तुरंत करेड़ा पीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने प्रारंभिक जांच में मौत का कारण साइलेंट हार्ट अटैक बताया है। हालांकि मामले की पुष्टि के लिए पोस्टमॉर्टम करवाया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही अंतिम कारण स्पष्ट हो पाएगा।

थाना प्रभारी पूरण मीणा ने बताया कि 50 वर्षीय कॉन्स्टेबल कैलाश वर्ष 2017 से करेड़ा थाने में तैनात थे और पुलिस वाहन चालक के रूप में कार्यरत थे। वे जयपुर जिले के जमवारामगढ़ क्षेत्र के मानोता गांव के निवासी थे। वर्तमान में वे थाना परिसर में बने सरकारी क्वार्टर में अकेले रहते थे, जबकि उनका परिवार जयपुर में निवास करता है।

घटना वाले दिन सुबह कैलाश बिना वर्दी के थाना परिसर स्थित मंदिर में पूजा करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने लांगरी (रसोइए) को बताया था कि वे नवरात्रि का व्रत रख रहे हैं, इसलिए सुबह का भोजन नहीं करेंगे। पूजा के बाद वे वर्दी पहनने के लिए अपने क्वार्टर लौटे, लेकिन इसके बाद वे वापस नहीं आए। काफी देर तक ड्यूटी पर नहीं पहुंचने पर जब थानाधिकारी क्वार्टर पहुंचे तो उन्हें अचेत अवस्था में पाया गया। इस घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर है।

    Previous
    Next

    Related Posts