Thursday, 14 May 2026

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने परिवार सहित पीएम मोदी से की मुलाकात, राजनीतिक गलियारों में बढ़ी चर्चाएं


पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने परिवार सहित पीएम मोदी से की मुलाकात, राजनीतिक गलियारों में बढ़ी चर्चाएं

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

नई दिल्ली। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सोमवार 9 मार्च को अपने पूरे परिवार के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दिल्ली में उनके सरकारी निवास पर मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ उनके पुत्र और सांसद दुष्यंत सिंह, बहू निहारिका तथा पोते-पोती भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी से आत्मीय बातचीत की और पारिवारिक विषयों के साथ-साथ राजस्थान की राजनीति से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। करीब 45 मिनट तक चली इस बैठक में पीएम मोदी ने वसुंधरा राजे को जन्मदिन की बधाई दी। हालांकि, प्रधानमंत्री से मुलाक़ात की तस्वीरें सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स तक में सबसे ज्यादा चर्चा उनके पौत्र विनायक प्रताप सिंह को लेकर हो रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस पारिवारिक मुलाकात के जरिए विनायक प्रताप सिंह की सक्रिय राजनीति में एंट्री की जमीन तैयार की जा रही है। राजे परिवार की तीसरी पीढ़ी का पीएम मोदी से इस तरह मिलना भविष्य के बड़े बदलावों की ओर इशारा करता है।

मुलाकात की वायरल तस्वीरों में वसुंधरा राजे की बहू निहारिका राजे व्हीलचेयर पर नजर आ रही हैं। वह लंबे समय से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही हैं। पीएम मोदी ने विशेष रूप से निहारिका राजे की सेहत के बारे में जानकारी ली और परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।

सूत्रों के अनुसार इस मुलाकात के दौरान वसुंधरा राजे ने प्रधानमंत्री मोदी से व्यक्तिगत विषयों के साथ राजस्थान की राजनीतिक स्थिति और भविष्य की रणनीति को लेकर भी विस्तार से बात की। लंबे समय बाद हुई इस मुलाकात को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि आने वाले समय में वसुंधरा राजे की राजस्थान की राजनीति में सक्रियता बढ़ सकती है। हालांकि इस मुलाकात को आधिकारिक तौर पर एक शिष्टाचार भेंट बताया गया है, लेकिन इसके राजनीतिक संकेतों को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं।

Previous
Next

Related Posts