



जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की विशेष जांच टीम ने मंगलवार सुबह बड़ा अभियान चलाते हुए राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों में एक साथ छापेमारी की कार्रवाई शुरू की। जानकारी के अनुसार जयपुर, बाड़मेर, दिल्ली, सीकर, बिहार, झारखंड और जालोर सहित कुल 15 स्थानों पर एक साथ दबिश दी गई। यह कार्रवाई रिटायर्ड आईएएस अधिकारी सुबोध अग्रवाल से जुड़े संभावित ठिकानों और करीब 15 आरोपियों के परिसरों पर की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक एसीबी की टीम मंगलवार सुबह से ही अलग-अलग स्थानों पर तलाशी अभियान चला रही है। कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जिन लोगों से पूछताछ की जा रही है, उनमें केडी गुप्ता, नीरज कुमार, सुशील शर्मा, डीके गोड़, महेंद्र सोनी, विशाल सख्सेना, दिनेश गोयल, शुभांशु दीक्षित और अरुण श्रीवास्तव के नाम सामने आए हैं। अधिकारियों ने अभी तक आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई संगठित भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामले में की जा रही है।
एसीबी की यह कार्रवाई विशेष जांच टीम पुलिस अधिकारी पुष्पेंद्र राठौड़ के नेतृत्व में छापेमारी की जा रही है। टीम दस्तावेजों, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है। छापेमारी के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य बरामद होने की संभावना जताई जा रही है।
सूत्रों का कहना है कि यह मामला लंबे समय से जांच के दायरे में था और प्रारंभिक साक्ष्य मिलने के बाद एक साथ कई स्थानों पर कार्रवाई की रणनीति बनाई गई। छापों के बाद संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ तेज की जाएगी और आवश्यक होने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसीबी की इस व्यापक कार्रवाई से प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है। आने वाले दिनों में जांच के दायरे में और नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है।