Sunday, 22 February 2026

साध्वी प्रेम बाईसा की मौत के बाद जोधपुर में तनाव, पोस्टमॉर्टम के दौरान हंगामा, गुरुवार को जास्ती गांव में होगा अंतिम संस्कार


साध्वी प्रेम बाईसा की मौत के बाद जोधपुर में तनाव, पोस्टमॉर्टम के दौरान हंगामा, गुरुवार को जास्ती गांव में होगा अंतिम संस्कार

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

राजस्थान की चर्चित कथावाचक साध्वी प्रेम बाईसा की मौत के बाद जोधपुर में हालात तनावपूर्ण हो गए। महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमॉर्टम के दौरान बड़ी संख्या में उनके भक्त पहुंच गए, जिससे कुछ समय के लिए माहौल गरमा गया। पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया, जिसके बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी हुई और शव को अंतिम संस्कार के लिए रवाना किया गया। साध्वी प्रेम बाईसा का अंतिम संस्कार गुरुवार को जास्ती गांव में किया जाएगा।

बुधवार रात उनकी मौत की सूचना सामने आते ही सैकड़ों की संख्या में भक्त अस्पताल और आश्रम पहुंच गए। इस दौरान कई भक्तों ने साध्वी की मौत को लेकर उनके पिता और आश्रम प्रबंधन पर सवाल उठाए। साध्वी के पिता ने दावा किया कि उनकी मौत गलत इंजेक्शन लगाए जाने के कारण हुई है, जबकि भक्त इस पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध मान रहे हैं।

भक्त रुद्रप्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे जब वे आरती नगर स्थित आश्रम पहुंचे, तब साध्वी के पिता शव को लेकर बाहर खड़े थे और बॉडी को अंदर ले जाने से मना कर रहे थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि साध्वी का मोबाइल फोन पुलिस को देने से भी इनकार किया गया। हालांकि, बाद में सहायक पुलिस आयुक्त छवि शर्मा ने मोबाइल को अपने कब्जे में ले लिया।

रुद्रप्रताप सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि जब शव को मोर्चरी ले जाने की तैयारी की जा रही थी, तब साध्वी के पिता निजी वाहन से उतरकर भागने की कोशिश कर रहे थे। स्थिति को संभालते हुए एसीपी छवि शर्मा ने उन्हें समझाया और स्वयं उस वाहन में बैठकर महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी तक शव के साथ गईं।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साध्वी प्रेम बाईसा की मौत के वास्तविक कारणों पर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पूरे घटनाक्रम को लेकर भक्तों में आक्रोश और शोक का माहौल बना हुआ है।

    Previous
    Next

    Related Posts