Monday, 09 February 2026

जयपुर में अब रात को भी खेले जाएंगे पोलो मैच, ऐतिहासिक राजस्थान पोलो क्लब में फ्लड लाइट की तैयारी पूरी


जयपुर में अब रात को भी खेले जाएंगे पोलो मैच, ऐतिहासिक राजस्थान पोलो क्लब में फ्लड लाइट की तैयारी पूरी

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। पोलो प्रेमियों के लिए राजधानी जयपुर से बड़ी खुशखबरी सामने आई है। ऐतिहासिक राजस्थान पोलो क्लब ग्राउंड में अब पोलो के मुकाबले केवल दिन में ही नहीं, बल्कि रात में भी खेले जाएंगे। जयपुर पोलो सीजन की शुरुआत के साथ ही क्लब प्रबंधन ने फ्लड लाइट में मैच आयोजित करने की पूरी योजना तैयार कर ली है। इसके तहत जेंट्स, लेडीज और जूनियर—तीनों फॉर्मेट में पोलो मुकाबलों का आयोजन किया जाएगा।

इस पहल के बाद गर्मियों के मौसम में भी शाम और रात के समय पोलो मैचों का आयोजन संभव हो सकेगा। इससे खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी, क्योंकि अब वे दिन की तेज गर्मी से बचते हुए रात के समय पोलो का रोमांच देख सकेंगे। क्लब प्रबंधन का मानना है कि इससे पोलो को देखने वाले दर्शकों की संख्या में भी बढ़ोतरी होगी।

अंतरराष्ट्रीय पोलो खिलाड़ी सवाई पद्मनाभ सिंह ने इस पहल को पोलो खेल के लिए एक बड़ा बदलाव बताया। उन्होंने कहा कि यह कदम पोलो को आम लोगों से जोड़ने और पूरे साल खेल को सक्रिय बनाए रखने की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण है। पद्मनाभ सिंह ने कहा कि अब लोग और परिवार रात में भी पोलो मैचों का आनंद ले सकेंगे, जिससे खेल की लोकप्रियता और पहुंच दोनों बढ़ेंगी। यह पहल जयपुर ही नहीं, बल्कि पूरे देश में पोलो खेल को एक नई पहचान और नया अनुभव देगी।

इतिहास की ओर लौटेंगे पारंपरिक टूर्नामेंट
सवाई पद्मनाभ सिंह ने बताया कि कश्मीर, मैसूर और ग्वालियर के नाम से आयोजित तीन प्रतिष्ठित पोलो ट्रॉफी टूर्नामेंट लगभग 100 साल पहले खेले जाते थे। इन ऐतिहासिक टूर्नामेंटों में पूर्व राज परिवारों के सदस्य हिस्सा लिया करते थे। अब इन पारंपरिक टूर्नामेंटों को पुनर्जीवित करते हुए हर साल आयोजित किया जाएगा, जिससे जयपुर का पोलो इतिहास एक बार फिर जीवंत होगा।

राजस्थान पोलो क्लब की यह पहल न केवल खेल सुविधाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में कदम है, बल्कि जयपुर की शाही खेल विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का भी एक प्रयास है।

Previous
Next

Related Posts