झुंझुनूं। शेखावाटी अंचल के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित राहत की खबर आई है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने झुंझुनूं में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान घोषणा की कि अब यमुना नहर का पानी हरियाणा से राजस्थान लाने की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। केंद्रीय मंत्री पाटिल ने बताया कि इस परियोजना के लिए हरियाणा के साथ एमओयू हो चुका है और डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) भी तैयार है। उन्होंने कहा कि दिसंबर 2025 से यमुना का पानी राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र तक पहुंचाने का काम शुरू हो जाएगा।
मंड्रेला में हुआ जल संचय एवं जनभागीदारी कार्यक्रम
य ह घोषणा झुंझुनूं जिले के मंड्रेला कस्बे में आयोजित ‘कर्मभूमि से जन्मभूमि’ अभियान के तहत ‘जल संचय, जनभागीदारी-जन आंदोलन’ कार्यक्रम के दौरान की गई। केंद्रीय मंत्री पाटिल ने कहा कि शेखावाटी और राजस्थान के अनेक लोग पानी की कमी के कारण रोज़गार की तलाश में अन्य राज्यों में चले गए, लेकिन वहां उन्होंने अपनी मेहनत से पहचान बनाई। अब वही लोग अपनी मातृभूमि के विकास में योगदान देने के लिए आगे आ रहे हैं,” उन्होंने कहा। पाटिल ने बताया कि जिले में बरसात के पानी को संजोने के लिए 10,000 वाटर हार्वेस्टिंग रिचार्ज सिस्टम बनाए जाएंगे। उन्होंने प्रवासी उद्यमियों कैलाश हाकिम, अनिल रूंगटा, दिनेश राजपुरोहित सहित अन्य सहयोगकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि प्रवासियों के योगदान से शेखावाटी क्षेत्र में जल क्रांति लाई जा सकती है।
कुम्भाराम लिफ्ट परियोजना से मंड्रेला को जोड़ा जाएगा
केंद्रीय मंत्री पाटिल ने बताया कि मंड्रेला कस्बे और आसपास के इलाकों को अब कुम्भाराम लिफ्ट परियोजना से पानी की आपूर्ति की जाएगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस अवसर पर कस्बे की पानी की तात्कालिक समस्या को दूर करने के लिए ₹1.25 करोड़ की राशि की घोषणा की।
इस राशि से जलदाय विभाग तत्काल आवश्यक कार्यवाही करते हुए पाइपलाइन और जलस्रोत सुधार कार्य करेगा।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि अब मंड्रेला में पानी की कमी नहीं रहेगी। इसे स्थायी रूप से जल योजना से जोड़ा जाएगा ताकि यहां के लोगों को वर्षभर पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो।”
राज्य सरकार की प्रतिबद्धता और विकास पर मुख्यमंत्री के बयान
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यक्रम के दौरान पूर्व सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस शासन में पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं का भविष्य अंधकारमय किया था।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार अब तक पेपर लीक करने वाले 300 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है और बाकी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि अब गरीब और मजदूर वर्ग के बच्चों को बिना किसी धांधली के सरकारी नौकरियों में अवसर मिल रहा है। साथ ही उन्होंने बताया कि जीएसटी कम करने से व्यापारियों और उद्योगों को बड़ी राहत मिली है, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी किसानों, महिलाओं, युवाओं और मजदूरों की भलाई के लिए निरंतर काम कर रहे हैं। राजस्थान भी अब आत्मनिर्भरता और विकास के उसी मार्ग पर आगे बढ़ रहा है।