Monday, 07 July 2025

राजस्थान में पर्यावरण, उद्योग और खनन पर राज्य स्तरीय संगोष्ठी 9 जुलाई को, इंडिया स्टोनमार्ट-2026 को लेकर बड़े ऐलान


राजस्थान में पर्यावरण, उद्योग और खनन पर राज्य स्तरीय संगोष्ठी 9 जुलाई को, इंडिया स्टोनमार्ट-2026 को लेकर बड़े ऐलान

जयपुर। राजस्थान के पर्यावरण, उद्योग और खनन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर ठोस चर्चा और समाधान की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए लघु उद्योग भारती (एलयूबी) की राजस्थान इकाई द्वारा 9 जुलाई को जयपुर स्थित कंस्टीट्यूशन क्लब में एक राज्य स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। इस संगोष्ठी में प्रदेशभर से उद्यमी, खनन विशेषज्ञ, पर्यावरणविद और सरकारी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे। आयोजन का उद्देश्य प्रदेश में पारंपरिक उद्योगों के संरक्षण के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाते हुए खनिज और औद्योगिक क्षेत्र का समन्वित विकास सुनिश्चित करना है।

एलयूबी के राष्ट्रीय सचिव नरेश पारीक ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह संगोष्ठी इंडिया स्टोनमार्ट-2026 की पूर्व गतिविधियों का हिस्सा है। यह अंतरराष्ट्रीय पत्थर प्रदर्शनी राजस्थान सरकार द्वारा फरवरी 2026 में आयोजित की जाएगी। राज्य सरकार के उद्योग मंत्री श्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ और राज्य मंत्री श्री के.के. विश्नोई समेत अनेक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी संगोष्ठी में भाग लेंगे।

प्रेस वार्ता में जयपुर में 5 से 8 फरवरी, 2026 को आयोजित हो रही इंडिया स्टोनमार्ट-2026 पत्थर की अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी के संयोजक नटवरलाल अजमेरा ने बताया कि स्टोनमार्ट में सह आयोजक (पार्टनर) के तौर पर लघु उद्योग भारती ने इंडिया स्टोनमार्ट 2026 के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। उन्होंने बताया कि बीते महीनों में इटली, चीन, तुर्की, अमेरिका, यूके और रूस जैसे प्रमुख देशों में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय स्टोन प्रदर्शनियों में लघु उद्योग भारती ने सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ़ स्टोन्स (सीडोस) के साथ सक्रिय सहभागिता की और  वैश्विक कंपनियों को आमंत्रित करने के साथ-साथ भारतीय उद्यमियों और विदेशी कंपनियों के बीच द्विपक्षीय व्यापार संवाद (B2B Interaction) आयोजित किए।  अजमेरा ने जानकारी दी कि यह पहली बार है जब इंडिया स्टोनमार्ट प्रदर्शनी के वैश्विक प्रचार के लिए इतने बड़े स्तर पर समन्वित प्रयास किये गए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इंडिया स्टोनमार्ट-2026 आयोजन से राजस्थान की ब्रांडिंग में निश्चित रूप से बढ़ोत्तरी होगी।  उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व ग्लोबल स्टोन टेक्नोलॉजी फोरम एवं अन्य संगोष्ठियों के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर पत्थर उद्योग में प्रौद्योगिकी, डिज़ाइन और नवाचार को प्रोत्साहित करने का सतत प्रयास किया गया। 

इस अवसर पर पूर्व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष सीए योगेश गौतम, प्रदेश महामंत्री सुधीर गर्ग, प्रदेश उपाध्यक्ष अंजू सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष अरुण जाजोदिया, जयपुर अंचल अध्यक्ष महेंद्र मिश्रा और  सचिव सुनीता शर्मा, सीडोस के वाइस प्रेसिडेंट राकेश गुप्ता सहित अन्य अग्रणी उद्यम गण उपस्थित रहे। 

Previous
Next

Related Posts