Sunday, 23 August 2026

जयपुर में सजा ग्लैमर का मंच: अदिति भटनागर बनीं ‘द मिस ग्लोब इंडिया’, अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी विजेताएं


जयपुर में सजा ग्लैमर का मंच: अदिति भटनागर बनीं ‘द मिस ग्लोब इंडिया’, अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी विजेताएं

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। जगमगाती रोशनी, भव्य स्टेज और रैंप पर आत्मविश्वास के साथ कदम बढ़ाती देशभर की मॉडल्स के बीच जयपुर के अनंत महल में प्रतिष्ठित ब्यूटी पेजेंट ‘मिस फ्यूजन इंडिया’ का ग्रैंड फिनाले आयोजित हुआ। फ्यूजन ग्रुप की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में ग्लैमर के साथ प्रतिभा, आत्मविश्वास और सामाजिक सरोकार का भी संगम देखने को मिला।

देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचीं प्रतिभागियों ने रैंप वॉक और खूबसूरती के साथ अपने व्यक्तित्व, विचार और प्रतिभा से जूरी को प्रभावित किया। कार्यक्रम में पंडित सुरेश मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

भारतीय संस्कृति से सजा नेशनल कॉस्ट्यूम राउंड

ग्रैंड फिनाले की शुरुआत निवारा कॉलेज के विद्यार्थियों की ओर से डिजाइन किए गए परिधानों में ओपनिंग एक्ट से हुई। इसके बाद अलग-अलग राउंड में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

नेशनल कॉस्ट्यूम राउंड में भारत की सांस्कृतिक विविधता की झलक दिखाई दी। वहीं टॉप-10 प्रतिभागियों के प्रश्न-उत्तर राउंड में उनकी सोच, सामाजिक जागरूकता और मंच पर अपनी बात प्रभावी तरीके से रखने की क्षमता को परखा गया।

पर्यावरण संरक्षण पर मॉडल्स ने रखी अपनी सोच

फिनाले की खासियत यह रही कि प्रतियोगिता केवल ग्लैमर और रैंप वॉक तक सीमित नहीं रही। प्रश्न-उत्तर राउंड में पर्यावरण संरक्षण और भविष्य से जुड़े मुद्दों पर प्रतिभागियों ने अपने विचार रखे।

मॉडल्स ने प्लास्टिक प्रदूषण कम करने, पौधरोपण, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने की जरूरत बताई। प्रतिभागियों ने संदेश दिया कि विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाकर ही आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य तैयार किया जा सकता है।

अदिति भटनागर बनीं ‘द मिस ग्लोब इंडिया’

ग्रैंड फिनाले में अलग-अलग श्रेणियों के विजेताओं की घोषणा की गई। ‘द मिस ग्लोब इंडिया’ का ताज अदिति भटनागर ने अपने नाम किया, जबकि निहारिका राठौर फर्स्ट रनर-अप रहीं।

मिस प्लैनेट इंडिया का खिताब मैना चौधरी ने जीता और जानवी यादव रनर-अप रहीं। वहीं मिस ओशियन इंडिया का ताज खुशबु यादव ने जीता, जबकि दिव्यांशी जांगिड़ फर्स्ट रनर-अप रहीं।

मिस फ्यूजन इंडिया का खिताब अंशु चौधरी के नाम रहा। रूबी वलंद फर्स्ट रनर-अप और पारुल सक्सैना सेकंड रनर-अप रहीं।

जूरी ने सुंदरता के साथ व्यक्तित्व और सोच को भी परखा

प्रतियोगिता के जूरी पैनल में जैस्मीन राणा (मिस ग्लोब इंडिया 2025), लॉरा हडसन (मिस ओशियन वर्ल्ड 2023), दिव्या राव (मिस प्लैनेट इंडिया 2024), प्रियन सैन (मिस अर्थ इंडिया 2023) और मुकेश मिश्रा शामिल रहे।

जूरी ने प्रतिभागियों की रैंप वॉक, आत्मविश्वास, टैलेंट, व्यक्तित्व, प्रश्नों के जवाब और सामाजिक विषयों को लेकर उनकी समझ के आधार पर मूल्यांकन किया।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी विजेताएं

आयोजक योगेश मिश्रा और निमिषा मिश्रा ने बताया कि प्रतियोगिता में विभिन्न श्रेणियों में कुल नौ खिताब दिए गए। चयनित विजेताओं को अब द मिस ग्लोब इंडिया, मिस प्लैनेट इंडिया और मिस ओशियन इंडिया के रूप में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता का उद्देश्य देश की प्रतिभाशाली युवतियों को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान और अवसर दिलाना है।

आज जयपुर में ‘मिस ओशियन वर्ल्ड’ का ग्रैंड फिनाले

मिस फ्यूजन इंडिया के बाद रविवार को अनंत महल में ‘मिस ओशियन वर्ल्ड’ का ग्रैंड फिनाले आयोजित होगा। इसमें 20 देशों की प्रतिभागियां खिताब के लिए अपनी प्रतिभा और व्यक्तित्व का प्रदर्शन करेंगी।

अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन के साथ जयपुर एक बार फिर फैशन, ग्लैमर और ब्यूटी पेजेंट की दुनिया में वैश्विक मंच की मेजबानी करेगा।

Previous
Next

Related Posts