



उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा सहित भाजपा नेताओं ने दिखाई हरी झंडी; पारंपरिक वेशभूषा में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर लिया भाग
जयपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष में भारतीय जनता पार्टी की ओर से 5 अगस्त को आयोजित होने वाले पवित्र रज कलश वंदन समारोह की पूर्व संध्या पर मंगलवार को जयपुर में भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा को उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, भाजपा संगठन महामंत्री अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री श्रवण बगड़ी, अभियान संयोजक भूपेंद्र सैनी और भाजपा प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल ने ध्वज दिखाकर रवाना किया।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर भाग लिया। यात्रा में श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता का वातावरण देखने को मिला।
भाजपा प्रदेश मंत्री एकता अग्रवाल, नारायण मीणा, सीताराम पोसवाल, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ और विधायक बालमुकुंदाचार्य महाराज भी शोभायात्रा में शामिल हुए।
समरसता संकल्प अभियान के प्रदेश संयोजक एवं भाजपा महामंत्री भूपेंद्र सैनी ने बताया कि शोभायात्रा विधानसभा के समीप स्थित मंडलेश्वर महादेव मंदिर से शुरू होकर एसएमएस स्टेडियम स्थित खेलेश्वर महादेव मंदिर पहुंची।
यात्रा में बैंड-बाजों की धुन, सुसज्जित बग्गियां और संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।
भूपेंद्र सैनी ने कहा कि समरसता संकल्प अभियान का उद्देश्य गुरु रविदास महाराज के समता, सद्भाव, मानवता और सामाजिक समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों के बीच आपसी सद्भाव, सामाजिक समावेश और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
सैनी ने कहा कि अभियान के माध्यम से समाज में सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का प्रयास किया जा रहा है।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, श्रद्धालु और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग शामिल हुए।
