Saturday, 06 June 2026

अलवर सांसद खेल महोत्सव समर कैंप का शुभारंभ, दिया कुमारी ने बालिकाओं के खेल और स्किल डेवलपमेंट को बताया जरूरी


अलवर सांसद खेल महोत्सव समर कैंप का शुभारंभ, दिया कुमारी ने बालिकाओं के खेल और स्किल डेवलपमेंट को बताया जरूरी

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

बहरोड़। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने शनिवार को केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव के साथ अलवर सांसद खेल महोत्सव समर कैंप का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं से संवाद करते हुए खेलों, कौशल विकास और बालिकाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का सशक्त साधन भी हैं। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं और उन्हें जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करते हैं।

उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव जैसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराते हैं। ऐसे कार्यक्रमों से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होती है।

दिया कुमारी ने विशेष रूप से बालिकाओं को खेलों में अधिक अवसर देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि राजस्थान में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रमों का अधिक से अधिक आयोजन किया जाना चाहिए। लड़कियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की है।

उपमुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बदलते समय के साथ कौशल विकास युवाओं के भविष्य की सबसे बड़ी जरूरत बन गया है। राज्य सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कार्य कर रही है।

उन्होंने अलवर जिले की पर्यटन संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यह क्षेत्र प्राकृतिक और ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत समृद्ध है। राज्य सरकार पर्यटन के क्षेत्र में नई संभावनाओं को विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने अलवर टाइगर मैराथन जैसी पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे पर्यटन और वन्यजीव संरक्षण दोनों को बढ़ावा मिलेगा।

अपने पसंदीदा खेलों के बारे में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में दिया कुमारी ने कहा कि उन्हें बचपन से बैडमिंटन, बास्केटबॉल और कबड्डी खेलना पसंद रहा है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि खेलों को जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए, जिससे स्वास्थ्य और व्यक्तित्व दोनों का विकास होता है।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान आरपीएस ग्रुप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनीष राव, विराटनगर विधायक कुलदीप धनखड़, बानसूर विधायक देवी सिंह शेखावत, रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह, जिला प्रमुख बलबीर सिंह, पूर्व विधायक जयराम जाटव, भाजपा अलवर दक्षिण जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता, भाजपा अलवर उत्तर जिलाध्यक्ष महासिंह चौधरी, एडहॉक कमेटी अध्यक्ष मोहित यादव, डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान, वी-शक्ति ट्रस्ट की अध्यक्ष प्रज्ञा यादव, खिलाड़ी, कोच तथा विद्यालय स्टाफ मौजूद रहे।

Previous
Next

Related Posts