जयपुर, राजस्थान में पुण्यश्लोक देवी अहिल्याबाई होल्कर जी की 300वीं जन्म जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधन।#AhilyaBaiHolkarAt300 https://t.co/IJG6eAwmQD
— Jagat Prakash Nadda (@JPNadda) May 31, 2025
जयपुर। भाजपा द्वारा पुण्यश्लोक राजमाता अहिल्या बाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को जयपुर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह की शुरुआत जवाहर सर्किल से एंटरटेनमेंट पैराडाइज तक निकाली गई तिरंगा यात्रा से हुई, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने गरिमामय उपस्थिति दर्ज करवाई। नड्डा ने इस अवसर पर राजमाता के जीवन और योगदान को आधुनिक भारत में महिला सशक्तिकरण, सुशासन और सांस्कृतिक मूल्यों की पुनर्स्थापना के रूप में रेखांकित किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि राजमाता अहिल्या बाई होल्कर 18वीं शताब्दी में महिला नेतृत्व, धार्मिक संरक्षण, सामाजिक सुधार और प्रशासनिक दूरदर्शिता की मिसाल थीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नारी सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय और सनातन संस्कृति के उत्थान के लिए जो प्रयास किए जा रहे हैं, वे राजमाता के विचारों का ही आधुनिक संस्करण हैं। राजमाता होल्कर की तर्ज पर महिला सशक्तिकरण की दिशा में कार्य कर रही है भाजपा सरकार : भजनलाल शर्मा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा आज न केवल भारत की सबसे बड़ी पार्टी है, बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक राजनीतिक पार्टी बन चुकी है। उन्होंने राजमाता के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए कहा कि उनके आदर्शों को आत्मसात कर हम 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बना सकते हैं। मुख्यमंत्री ने राजस्थान में भाजपा की डबल इंजन सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की भी सराहना की। अहिल्या बाई होल्कर न केवल एक कुशल शासिका थीं, न्याय की भी थीं देवी: राजे भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने लोकमाता अहिल्या बाई होल्कर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि लोकमाता होल्कर ने सिद्ध किया कि महिलाएं हर कार्य को सफलता से पूरा कर सकती हैं। चाहे फिर वो राशन का कार्य हो या फिर शासन का कार्य, महिलाओं ने अपनी क्षमता से हर क्षेत्र में अमिट छाप छोड़ी है। उन्होंने कहा कि राजमाता अहिल्या बाई होल्कर न केवल एक कुशल शासिका थीं, बल्कि न्याय की देवी भी थीं। उन्होंने अपने बेटे तक को माफ नहीं किया और हमेशा अन्याय के खिलाफ खड़ी रहीं। उनका कार्य और नारी सशक्तिकरण का संदेश आज भी प्रासंगिक है। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने जेपी नड्डा के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में नारी शक्ति अधिनियम को मंजूरी मिली है और भाजपा ने महिलाओं की शक्ति को सम्मान देने में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। अहिल्या बाई एक कुशल यौद्धा, शासक और न्याय प्रिय महिला थी: मदन राठौड़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने लोकमाता अहिल्या बाई होल्कर की न्याय प्रियता को लेकर गाय के बछडे की मृत्यु का एक वृतांत सुनाया। राठौड़ ने कहा कि लोकमाता एक कुशल यौद्धा, शासक और न्याय प्रिय महिला थी। न्याय के लिए राजमाता ने अपने—पराये में भेद नहीं किया। न्याय मूर्ति राजमाता होल्कर ने अपने पुत्र तक को सजा देने में संकोच नहीं किया। राठौड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया कि आपरेशन सिंदूर के बाद जहां देश में राष्ट्रीय जज्बा बढ़ाने के लिए तिरंगा और सिंदूर यात्राएं निकाली जा रही है, वहीं राष्ट्रीय चरित्र युक्त व्यक्तित्व निर्माण के लिए हमारे महापुरूषों के जीवन वृतांत को भी जन जन तक पहुंचाया जा रहा है। यह कार्य सिर्फ और सिर्फ भारतीय जनता पार्टी में ही संभव हो सकता है। कार्यक्रम का आयोजन जयपुर के एंटरटेनमेंट पैराडाइज में किया गया, जहां भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी, अशोक परनामी, सीपी जोशी, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़, भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री अलका गुर्जर, सांसद मंजू शर्मा, दीया कुमारी, प्रेमचंद बैरवा, घनश्याम तिवाड़ी, राव राजेंद्र सिंह, भारती पंवार सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम संयोजक डॉ. वासुदेव चावला एवं सह-संयोजक सुमन शर्मा ने मंच संचालन किया। भाजपा के पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का 51—51 किलो की फूल मालाओं से स्वागत कर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृशक्ति, भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।