टोंक। श्रीरामनवमी के पावन अवसर पर सकल हिन्दू समाज, टोंक द्वारा रविवार को नगर में भव्य वाहन रैली का आयोजन किया गया, जिसमें भगवान श्रीराम की सजीव झांकी समेत अनेक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। हजारों श्रद्धालु केसरिया पगड़ियां पहने, भगवा ध्वज थामे जय श्रीराम के नारों के साथ रैली में शामिल हुए। रैली ने टोंक शहर को पूर्ण रूप से भगवामय वातावरण में बदल दिया।
यह वाहन रैली गांधी खेल मैदान से शुरू होकर टोंक के मुख्य बाजारों, चौराहों और धार्मिक स्थलों से होती हुई खेल स्टेडियम तक पहुंची। मार्ग में अग्रसेन सर्किल, हेमू कालाणी सर्किल, काफला बाजार, घंटाघर, गांधी पार्क सहित कई प्रमुख स्थान शामिल रहे। रैली के मार्ग पर जगह-जगह विभिन्न सामाजिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया।
रैली में शामिल झांकियों में राष्ट्र सेविका समिति की अहिल्या बाई की झांकी,माली समाज की ओर से श्रीराम मंदिर मॉडल,खटीक समाज द्वारा संत परमानंद महाराज की झांकी,सजीव श्रीराम परिवार की रथ यात्रा विशेष रूप से दर्शनीय रही।
संत श्री रामनिवास महाराज, श्री कमलराम महाराज, महंत सुरेश दुबे सुसज्जित रथ में सवार थे। रैली में श्रद्धालु महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने भाग लिया, जिन्होंने जय श्रीराम, राम लला हम आएंगे, भारत माता की जय जैसे नारों से वातावरण को भक्तिमय कर दिया। रैली के दौरान भगवान श्रीराम के भजन भी डीजे पर बजाए गए।
रैली की सुरक्षा हेतु जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान स्वयं गांधी खेल मैदान पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बृजेंद्र सिंह भाटी, उपाधीक्षक राजेश विद्यार्थी, थानाधिकारी भंवरलाल वैष्णव सहित भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
रैली में अनेक गणमान्य जनप्रतिनिधि और संगठन पदाधिकारी शामिल हुए, जिनमें देवली-उनियारा विधायक राजेंद्र गुर्जर,पूर्व विधायक अजीत सिंह मेहता,भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान,आरएसएस नगर संघचालक दिनेश बुंदेल,महिला नेत्री नीलिमा आमेरा,शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधि बाबूलाल शर्मा, रमेश कालातथा अन्य सामाजिक कार्यकर्ता शामिल रहे।
रैली के माध्यम से सामाजिक समरसता, हिंदू एकता और धार्मिक जागरूकता का संदेश पूरे टोंक में प्रसारित हुआ। रैली शांतिपूर्ण एवं भव्य रही। डीजे को लेकर आयोजकों और प्रशासन के बीच एक बार विवाद की स्थिति बनी, जिसे बाद में आपसी समझाइश से सुलझा लिया गया