



पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन के बाद उनके अंतिम सफर की तैयारियां शुरू हो गई हैं। उनकी पार्थिव देह को पीएम आवास से कांग्रेस मुख्यालय लाया गया, जहां कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उनकी पत्नी गुरशरण कौर और बेटी दमन सिंह ने भी अपने प्रियजन को भावभीनी विदाई दी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी मुख्यालय पहुंचे और डॉ. सिंह को श्रद्धांजलि दी।
डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार दिल्ली के निगमबोध घाट पर किया जाएगा। कांग्रेस मुख्यालय से उनकी अंतिम यात्रा सुबह 9:30 बजे निकलेगी, और अंत्येष्टि का समय सुबह 11:35 बजे निर्धारित किया गया है।
हालांकि, निगमबोध घाट पर अंतिम संस्कार को लेकर कांग्रेस ने नाराजगी जताई है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि सरकार पूर्व प्रधानमंत्री का स्मारक बनाने के लिए अब तक जगह तक नहीं तय कर पाई है। उन्होंने इसे देश के पहले सिख प्रधानमंत्री का अपमान बताया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मांग की थी कि जहां डॉ. सिंह का अंतिम संस्कार हो, वहीं उनका स्मारक बनाया जाए।
गृह मंत्रालय ने देर रात बयान जारी करते हुए कहा कि स्मारक की सही जगह तय करने में कुछ समय लगेगा।
डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार रात 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। गुरुवार रात घर पर बेहोश होने के बाद उन्हें 8:06 बजे दिल्ली के एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां रात 9:51 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।