



जोधपुर। मंडोर गार्डन में पांच दिन पहले हुए दर्दनाक टॉय ट्रेन हादसे के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेन चालक को हिरासत में ले लिया है। साथ ही हादसे में शामिल टॉय ट्रेन को भी जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है। इस हादसे में एक मासूम बच्ची की मौत हो गई थी, जबकि एक युवती घायल हो गई थी।
पुलिस के अनुसार, 31 मई को मंडोर गार्डन में टॉय ट्रेन की सवारी के दौरान हुए हादसे में बच्ची अनायरा की मौत हो गई थी। मामले की जांच के दौरान पता चला कि टॉय ट्रेन संचालन का ठेका मैसर्स देव कृपा कंस्ट्रक्शन कंपनी को दिया गया था। जांच के बाद पुलिस ने ट्रेन चालक शांतिलाल वैष्णव (47) को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतक बच्ची के पिता मोहम्मद हबीब, निवासी बरकत साहब की हवेली बंबा स्कूल क्षेत्र, जोधपुर ने मंडोर थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया था कि 31 मई की शाम वह अपने परिवार के साथ मंडोर गार्डन घूमने गए थे। उनके साथ पत्नी अफसाना, बेटी अनायरा, भाभी शहनाज और भतीजी मुस्कान भी मौजूद थीं।
शिकायत के अनुसार, शाम करीब छह बजे पूरा परिवार टॉय ट्रेन में सवार हुआ था। अनायरा अपनी मां और बड़ी मम्मी के साथ बैठी हुई थी। आरोप है कि काला-गोरा भैरूजी मंदिर के निकट ट्रेन चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे बच्ची उछलकर ट्रेन से नीचे गिर गई।
परिजनों का आरोप है कि बच्ची के नीचे गिरने के बाद सभी लोगों ने चालक को ट्रेन रोकने के लिए आवाज लगाई, लेकिन ट्रेन तत्काल नहीं रोकी गई। इसी दौरान ट्रेन का पहिया बच्ची की गर्दन के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बच्ची को बचाने के प्रयास में मुस्कान भी घायल हो गई थी।
घटना के बाद 1 जून को बच्ची के पिता मोहम्मद हबीब की ओर से मंडोर थाने में मामला दर्ज कराया गया। इसके बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई।
पुलिस ने जोधपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) से भी जानकारी प्राप्त की, जिसमें पता चला कि टॉय ट्रेन संचालन का ठेका मैसर्स देव कृपा कंस्ट्रक्शन कंपनी को दिया गया था। कंपनी संचालक से पूछताछ में सामने आया कि हादसे के समय ट्रेन शांतिलाल वैष्णव चला रहा था।
मंडोर थाना पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच के आधार पर टॉय ट्रेन को जब्त कर लिया गया है और चालक से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है तथा जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।