Saturday, 06 June 2026

मानसून पर्यटन में चमका उदयपुर, देश के टॉप-15 डेस्टिनेशंस में तीसरे स्थान पर


मानसून पर्यटन में चमका उदयपुर, देश के टॉप-15 डेस्टिनेशंस में तीसरे स्थान पर

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

मानसून की दस्तक के साथ ही देशभर में पर्यटन गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच प्रमुख ट्रेवल पोर्टल 'टिकट्स टू ट्रिप' द्वारा जारी वर्ष 2026 की भारत के टॉप-15 मानसून डेस्टिनेशंस की सूची में लेकसिटी उदयपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि न केवल उदयपुर की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन आकर्षण को दर्शाती है, बल्कि राजस्थान के पर्यटन क्षेत्र के लिए भी गौरव का विषय है।

जारी रैंकिंग के अनुसार केरल का मुन्नार पहले और गोवा दूसरे स्थान पर रहा है, जबकि उदयपुर ने तीसरे स्थान पर जगह बनाई है। खास बात यह है कि इस प्रतिष्ठित सूची में राजस्थान से केवल दो शहरों को शामिल किया गया है। उदयपुर के अलावा राज्य का प्रसिद्ध हिल स्टेशन माउंट आबू 12वें स्थान पर रहा है। इससे स्पष्ट होता है कि मानसून पर्यटन के लिए उदयपुर देशभर के यात्रियों की पहली पसंद बनता जा रहा है।

मानसून के दौरान उदयपुर का प्राकृतिक सौंदर्य अपने चरम पर पहुंच जाता है। अरावली पर्वतमाला की पहाड़ियां हरियाली से आच्छादित हो जाती हैं और शहर की प्रसिद्ध झीलें—पिछोला, फतहसागर, उदयसागर और स्वरूपसागर—पानी से लबालब भरकर मनमोहक दृश्य प्रस्तुत करती हैं। झीलों के किनारे फैली प्राकृतिक छटा और ठंडी हवाएं पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित करती हैं।

उदयपुर का सज्जनगढ़ स्थित मानसून पैलेस भी बारिश के मौसम में पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र बन जाता है। यहां से बादलों से घिरी अरावली की पहाड़ियों, झीलों और पूरे शहर का विहंगम दृश्य दिखाई देता है। वहीं शाम के समय झीलों में नौकायन, ऐतिहासिक महलों का भ्रमण और सांस्कृतिक विरासत का अनुभव देशी एवं विदेशी पर्यटकों की यात्रा को यादगार बना देता है। पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून सीजन में उदयपुर की लोकप्रियता आने वाले वर्षों में और बढ़ने की संभावना है।

Previous
Next

Related Posts