Sunday, 31 May 2026

जैसलमेर पहुंचीं डोनाल्ड ट्रम्प की बेटी टिफनी ट्रम्प, राजस्थानी संस्कृति से हुआ भव्य स्वागत


जैसलमेर पहुंचीं डोनाल्ड ट्रम्प की बेटी टिफनी ट्रम्प, राजस्थानी संस्कृति से हुआ भव्य स्वागत

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जैसलमेर। विश्व राजनीति के सबसे चर्चित परिवारों में शामिल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के परिवार की मौजूदगी रविवार को राजस्थान की स्वर्ण नगरी जैसलमेर में देखने को मिली। राष्ट्रपति ट्रम्प की छोटी बेटी टिफनी ट्रम्प अपने पति माइकल बुलोस के साथ निजी दौरे पर जैसलमेर पहुंचीं। उनके आगमन को लेकर एयरपोर्ट पर विशेष तैयारियां की गई थीं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

जानकारी के अनुसार टिफनी ट्रम्प और माइकल बुलोस दिल्ली से विशेष चार्टर्ड विमान के जरिए सीधे जैसलमेर सिविल एयरपोर्ट पहुंचे। उनके आगमन पर भारत में अमेरिका के राजदूत Sergio Gor भी मौजूद रहे और उन्होंने ट्रम्प परिवार का स्वागत किया। हाई-प्रोफाइल मेहमानों के आगमन के चलते एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क नजर आईं।

राजस्थान की परंपरा और संस्कृति के अनुरूप एयरपोर्ट पर लोक कलाकारों ने पारंपरिक संगीत और लोक वाद्यों की मधुर धुनों के साथ मेहमानों का स्वागत किया। टिफनी ट्रम्प और माइकल बुलोस का कुमकुम तिलक लगाकर, फूलमालाएं पहनाकर तथा पारंपरिक राजस्थानी साफा बांधकर अभिनंदन किया गया। राजस्थान की प्रसिद्ध ‘पधारो म्हारे देस’ परंपरा की झलक ने विदेशी मेहमानों को खासा प्रभावित किया।

स्वागत समारोह के दौरान टिफनी ट्रम्प और माइकल बुलोस ने हाथ जोड़कर स्थानीय लोगों और कलाकारों का अभिवादन स्वीकार किया। दोनों के चेहरे पर राजस्थानी संस्कृति और आतिथ्य सत्कार के प्रति उत्साह और प्रसन्नता स्पष्ट दिखाई दी। अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भी लोक कलाकारों की प्रस्तुति और पारंपरिक स्वागत से प्रभावित नजर आए।

टिफनी ट्रम्प का यह दौरा राजस्थान के पर्यटन और सांस्कृतिक महत्व को वैश्विक स्तर पर एक बार फिर चर्चा में ले आया है। जैसलमेर अपनी ऐतिहासिक धरोहरों, रेतीले धोरों, किलों और समृद्ध लोक संस्कृति के कारण दुनिया भर के पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। ऐसे में ट्रम्प परिवार के सदस्य का यह दौरा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी खास महत्व रखता है।

    Previous
    Next

    Related Posts