


जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि गहलोत का बयान न केवल हास्यास्पद है बल्कि उनकी बौखलाहट भरी मानसिकता को भी दर्शाता है।
राठौड़ ने आरोप लगाया कि गहलोत की आदत हमेशा से झूठ बोलकर समाज में भ्रम फैलाने की रही है। उन्होंने कहा कि आदिवासियों के गौरव और उनके बलिदान का सबसे अधिक सम्मान भाजपा सरकार ने किया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा – आदिवासी गौरव का सम्मान केवल भाजपा ने किया, कांग्रेस कर रही वोट बैंक की राजनीति: मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार ने आदिवासियों के गौरव को स्थापित करने के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं, जिनमें प्रमुख हैं—
मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक का दर्जा दिलाना। आदिवासी महापुरुषों को पाठ्यक्रम में शामिल करना। उनकी स्मृति में बड़े स्तर पर आयोजन करना।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा आदिवासियों के नाम पर वोट बैंक की राजनीति करती रही है, लेकिन जब भाजपा वास्तव में उनके गौरव को स्थापित कर रही है, तो यह कांग्रेस नेताओं को रास नहीं आ रहा।
उन्होंने कहा कि गहलोत जी को आदिवासी समाज के इतिहास की नहीं बल्कि अपने राजनीतिक भविष्य की चिंता है। झूठ फैलाकर वे समाज को गुमराह करना चाहते हैं, लेकिन प्रदेश की जनता सच जानती है और अब कांग्रेस के छल-कपट में आने वाली नहीं है।